रिपोर्ट , जिला सूचना विभाग बागेश्वर
बागेश्वर जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की सरगर्मी तेज हो चुकी है। जिला पंचायतों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष तथा क्षेत्र पंचायतों में प्रमुख, ज्येष्ठ उप प्रमुख और कनिष्ठ उप प्रमुख पदों के लिए चुनावी प्रक्रिया अब औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। सोमवार को आरओ जिला पंचायत एवं जिलाधिकारी आशीष भटगाई की मौजूदगी में जिला पंचायत कार्यालय में नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिससे पूरे जिले में चुनावी माहौल गर्मा गया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सिमकुना से जिला पंचायत सदस्य सरोज और वज्यूला से जिला पंचायत सदस्य शोभा देवी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद के लिए आरे से जिला पंचायत सदस्य विशाखा खेतवाल और सात से जिला पंचायत सदस्य नवीन परिहार ने नामांकन किया। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अपराह्न 3 बजकर 30 मिनट से नामांकन पत्रों की जांच शुरू हो गई।

जिलाधिकारी आशीष भटगाई ने जानकारी दी कि नाम वापसी की प्रक्रिया 12 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इन पदों के लिए मतदान 14 अगस्त को सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक होगा और खास बात यह है कि इसी दिन चुनाव परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।

विकासखंडवार नामांकन की बात करें तो, विकासखंड बागेश्वर में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए उमा देवी और दीपा देवी ने नामांकन किया है। ज्येष्ठ प्रमुख पद के लिए दीपा, मनीष और हरीश चंद्र मैदान में हैं, जबकि कनिष्ठ प्रमुख पद के लिए दीपा देवी और हरीश चंद्र ने नामांकन किया है।
विकासखंड गरुड़ में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए देवेंद्र परिहार और किशन सिंह बोरा ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। ज्येष्ठ प्रमुख पद के लिए नंदन थापा और भगवान सिंह चुनावी मैदान में हैं, जबकि कनिष्ठ प्रमुख पद के लिए भगवती और ज्योति आर्या ने नामांकन किया है।
विकासखंड कपकोट में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए भावना और वंदना ने नामांकन किया है। ज्येष्ठ प्रमुख पद के लिए कुंजर सिंह, निर्मला और पूजा देवी ने अपना दावा पेश किया है, जबकि कनिष्ठ प्रमुख पद के लिए अनिता देवी, विक्रम सिंह खाती और सरोजनी देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं।
चुनावी प्रक्रिया के इस चरण में सभी प्रत्याशी अब प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं और 14 अगस्त को होने वाले मतदान को लेकर पूरे जिले में उत्सुकता और जोश का माहौल है। जनता भी बेसब्री से इंतजार कर रही है कि इस बार जिला पंचायतों और क्षेत्र पंचायतों में नेतृत्व की बागडोर किसके हाथों में जाएगी।





Users Today : 8
Users Yesterday : 10
Users Last 7 days : 247