Home » उत्तराखंड » बागेश्वर न्यूज़ » मां नंदा के डोले संग सम्पन्न हुआ तीन दिवसीय भव्य मेला, आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम

मां नंदा के डोले संग सम्पन्न हुआ तीन दिवसीय भव्य मेला, आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम

Spread the love

मां नंदा के डोले संग सम्पन्न हुआ तीन दिवसीय भव्य मेला, आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम

रिपोर्ट भगवत नेगी, मेरा हक न्यूज़

मां कोट भ्रामरी मंदिर प्रांगण में तीन दिनों से चल रहा नन्दा अष्टमी मेला आज श्रद्धा और भक्ति के बीच सम्पन्न हो गया। समापन के अवसर पर मां नंदा का पवित्र डोला दोपहर दो बजे मंदिर प्रांगण से उठाया गया। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता के जयकारों के साथ मौजूद रहे। दिलचस्प बात यह रही कि दोपहर एक बजे तक लगातार बारिश होने के कारण मेले का उत्साह फीका पड़ता नजर आ रहा था, लेकिन जैसे ही बारिश थमी और हल्की धूप खिली, पूरे मेले में रौनक लौट आई। देखते ही देखते मंदिर प्रांगण से लेकर मेला स्थल तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

समापन कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, जिला पंचायत सदस्य बबलू नेगी, गरुड़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश कोरंगा , क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र परिहार, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील दोसाद, डीके जोशी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मां कोट भ्रामरी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी विशेष धूम रही। स्थानीय स्कूलों के बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से सबका दिल जीता। लोक कलाकारों ने उत्तराखंड की परंपरागत झलक पेश की। वहीं कोक स्टूडियो की विनर कमला देवी ने अपने मधुर गीतों से पूरे पंडाल को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शक लगातार तालियों और जयकारों से उनका उत्साह बढ़ाते रहे।

कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार वितरण किया गया, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों और कलाकारों को सम्मानित किया गया। मेले का सफल संचालन देवेंद्र गोस्वामी ने किया। पूरे आयोजन की देखरेख गरुड़ की उपजिलाधिकारी प्रियंका रानी, जो मेला अधिकारी भी रहीं, और मेला अध्यक्ष ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा ने की।

तीन दिन का यह मेला केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं रहा बल्कि यहां परंपरा, संस्कृति और सामूहिक एकजुटता की झलक भी देखने को मिली। मां कोट भ्रामरी की जयकारों के बीच जब डोला प्रस्थान हुआ, तो श्रद्धालुओं की आंखें भक्ति और आस्था से भर आईं और इसी भावपूर्ण माहौल में इस वर्ष का नन्दा अष्टमी मेला सम्पन्न हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Mera Hak News हिंदी के साथ रहें अपडेट

सब्स्क्राइब कीजिए हमारा डेली न्यूजलेटर और पाइए खबरें आपके इनबॉक्स में

और खबरें

Our Visitor

0 3 3 5 2 5
Users Today : 8
Users Yesterday : 10
Users Last 7 days : 247

Rashifal