चौरसो में बैजनाथ पुलिस की कार्रवाई, आधा नाली भांग उखाड़कर किया नष्ट
Report- Vaishnavi
गरुड़। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बैजनाथ पुलिस ने ग्राम चौरसो में कार्रवाई करते हुए करीब आधा नाली भांग की अवैध खेती को उखाड़कर नष्ट किया। यह अभियान पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के दिशा-निर्देशन और पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के नेतृत्व में चलाया जा रहा है।
पुलिस टीम ने ग्राम चौरसो, तहसील गरुड़ क्षेत्र में मौके पर पहुंचकर भांग के पौधों को पूरी तरह उखाड़कर नष्ट किया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया तथा नशे से दूर रहने की अपील की।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी और अवैध खेती को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि नशे के खिलाफ अभियान में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की नशा तस्करी या अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। इसके लिए मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर भी सूचना दी जा सकती है।
पुलिस ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना और समाज को नशामुक्त बनाना सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहयोग से नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जा सकता है।





Users Today : 7
Users Yesterday : 103
Users Last 7 days : 862