बागेश्वर: सुदूरवर्ती गांव जांठा पहुंची झिरौली और शामा पुलिस, ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के बताए तरीके
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। जनपद के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बागेश्वर पुलिस सामुदायिक पुलिसिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में थाना झिरौली और चौकी शामा पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम जांठा पहुंचकर महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों को साइबर अपराधों, बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन तथा आगामी पुलिस भर्ती की तैयारियों के संबंध में जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘साइबर सुरक्षा अभियान 2.0’ और ‘साइबर जागरूकता माह’ के तहत ग्रामीणों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन लॉटरी फ्रॉड, फर्जी बिजली बिल के संदेश और व्हाट्सएप हैकिंग जैसे साइबर अपराधों की जानकारी दी गई। महिलाओं और बालिकाओं को अनजान कॉल पर भरोसा न करने तथा अपनी व्यक्तिगत और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

पुलिस टीम ने ग्रामीणों से गांव में आने वाले बाहरी फेरीवालों, कबाड़ियों, मजदूरों और अन्य अज्ञात व्यक्तियों की गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने तथा संदिग्ध व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन कराने की अपील की।
कार्यक्रम में युवाओं और छात्र-छात्राओं को उत्तराखंड पुलिस की आगामी भर्ती के संबंध में जानकारी देते हुए नियमित पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी और शारीरिक दक्षता पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस ने ग्रामीणों से किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल आपातकालीन नंबर 112 पर देने की अपील की। वहीं, ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।





Users Today : 50
Users Yesterday : 173
Users Last 7 days : 909