बागेश्वर पुलिस विभाग से एक गर्व का क्षण सामने आया है। पुलिस सेवा में समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक बने मुख्य आरक्षी जितेंद्र सिंह कंडारी को अब उनके उत्कृष्ट कार्यों और सेवाओं के लिए अपर उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया है। इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने स्वयं उनके कंधे पर स्टार लगाकर उन्हें सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
पुलिस मुख्यालय देहरादून द्वारा जारी पदोन्नति आदेश के अनुसार, बागेश्वर जनपद की सशस्त्र पुलिस संवर्ग में नियुक्त मुख्य आरक्षी जितेंद्र सिंह कंडारी को यह पदोन्नति दी गई है। एक सादा वर्दी में कर्तव्य निभाते हुए अब वह एक नई जिम्मेदारी, नए कंधों के भार और नई भूमिका में नजर आएंगे।
जितेंद्र सिंह कंडारी की पुलिस सेवा की शुरुआत वर्ष 2001 में हुई थी, जब वह उत्तराखंड पुलिस में आरक्षी के रूप में भर्ती हुए थे। कड़ी मेहनत, अनुशासन और सतत सेवा के चलते उन्हें वर्ष 2019 में मुख्य आरक्षी के रूप में पदोन्नत किया गया और अब वर्ष 2025 में वह अपर उप निरीक्षक की भूमिका निभाने जा रहे हैं। यह यात्रा ना केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि समूचे बागेश्वर पुलिस बल के लिए प्रेरणा है।
अलंकरण समारोह बागेश्वर पुलिस कार्यालय में आयोजित हुआ, जिसमें प्रतिसार निरीक्षक प्रताप सिंह नेगी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर जितेंद्र सिंह कंडारी की इस पदोन्नति पर खुशी जाहिर की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
इस पदोन्नति के पीछे केवल एक अधिकारी की मेहनत ही नहीं, बल्कि वह मूल्य हैं जो एक पुलिसकर्मी को समाज की सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। यह संदेश भी है उन सभी जवानों के लिए जो अपने काम को निष्ठा से करते हैं कि मेहनत और सेवा का फल जरूर मिलता है।
मेरा हक न्यूज़ परिवार की ओर से जितेंद्र सिंह कंडारी को इस पदोन्नति पर ढेर सारी बधाई और भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं।





Users Today : 8
Users Yesterday : 10
Users Last 7 days : 247