सिर्फ कानून नहीं, जन-जागरूकता से भी अपराध होगा खत्म
बढ़ते अपराधों और बदलते जमाने के खतरों के बीच अब पुलिस सिर्फ कानून नहीं, समझदारी का पाठ भी पढ़ा रही है। झिरौली थाना क्षेत्र में एक अहम पहल करते हुए थानाध्यक्ष मनवर सिंह ने आम जनता को जागरूक करने की जिम्मेदारी खुद उठाई है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर चन्द्रशेखर घोडके के दिशा-निर्देशन में जनपद स्तर पर चलाए जा रहे इस जन-जागरूकता अभियान के तहत थानाध्यक्ष ने गांव-गांव, मोहल्ले-मोहल्ले जाकर लोगों को अपराध से बचाव की ज़रूरी बातें समझाईं।
इस अभियान के दौरान उन्होंने विशेष तौर पर साइबर अपराधों से बचने के तरीके, महिला संबंधी अपराधों व महिलाओं के कानूनी अधिकारों, सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों, नशे के दुष्प्रभाव, और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज के दौर में अपराध सिर्फ गली या सड़क पर नहीं होते, बल्कि मोबाइल और इंटरनेट के ज़रिए भी घर में घुस सकते हैं। ऐसे में सतर्क रहना और जागरूक होना बेहद जरूरी है।
थानाध्यक्ष ने खासतौर पर युवाओं और महिलाओं से संवाद करते हुए उन्हें उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के बारे में बताया। साथ ही यह भी बताया गया कि अगर सड़क दुर्घटना में कोई घायल दिखे, तो उसकी मदद कर हम सब एक नेक इंसान बन सकते हैं। यह हमारा नैतिक और मानवीय कर्तव्य है।
मानसून के इस मौसम को ध्यान में रखते हुए आपदा की स्थिति में क्या करना है, इस पर भी लोगों को दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने बताया कि कोई भी आपदा या गंभीर घटना घटने पर तुरंत 112 नंबर पर कॉल करें या अपने नजदीकी थाने को सूचित करें, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके।
इसके अलावा वर्तमान में चल रहे त्रिस्तरीय चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस को सहयोग देने की अपील भी की गई। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सिर्फ पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का भी कर्तव्य है।
इस अभियान के माध्यम से न सिर्फ अपराध के खिलाफ एक मजबूत दीवार खड़ी की जा रही है, बल्कि समाज को सजग, जागरूक और जिम्मेदार भी बनाया जा रहा है। बागेश्वर पुलिस की यह पहल निश्चित रूप से समाज को एक सुरक्षित और सकारात्मक दिशा में ले जाने का प्रयास है।
मीडिया सैल, पुलिस कार्यालय बागेश्वर द्वारा जारी
मेरा हक न्यूज़ के लिए विशेष रिपोर्ट





Users Today : 11
Users Yesterday : 10
Users Last 7 days : 250