रिपोर्ट भगवत नेगी मेरा हक न्यूज गरुड़
आज हम बात कर रहे हैं उस बेटी की, जिसने न सिर्फ अपने गांव का नाम रोशन किया, बल्कि उत्तराखंड और भारत को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गर्व महसूस कराया। हम बात कर रहे हैं गरुड़ विकासखंड के पिंगलों गांव की ममता खाती की, जो उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत हैं। ममता खाती ने हाल ही में 38वें राष्ट्रीय खेलों में 3 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल जीतकर धमाकेदार प्रदर्शन किया, और इसके बाद अमेरिका में सम्पन्न हुए पुलिस वर्ल्ड चैंपियनशिप गेम्स में 1 गोल्ड और 5 सिल्वर मेडल हासिल कर लिया। यह उपलब्धि सिर्फ एक खेल प्रदर्शन नहीं, बल्कि पूरे कत्यूर घाटी और उत्तराखंड के लिए एक गौरव का क्षण है।
गांव में लौटने पर ममता खाती का स्वागत कुछ इस तरह हुआ मानो एक ओलंपियन घर लौटी हो। गांधी चबूतरे पर गरुड़ व्यापार संघ और स्थानीय जनता ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर राज्य दर्जा मंत्री शिव सिंह बिष्ट, मासाब जीवन दुबे, घनश्याम जोशी, ग्राम प्रधान राजेंद्र नेगी, कैलाश जोशी, लक्ष्मी, दत्त पांडे, धीरज भाकुनी, दीवान नेगी, विनोद पांडे, रोहित पांडे, अंकित जोशी और भास्कर बृजवासी जैसे कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सबकी आंखों में गर्व था और दिलों में ममता खाती के लिए प्यार।
आज जब हम ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की बात करते हैं, तो ममता खाती जैसे उदाहरण सामने रखे जा सकते हैं। उन्होंने साबित कर दिया कि बेटियों को अवसर मिले, तो वे किसी भी मंच पर देश का झंडा बुलंद कर सकती हैं। शिक्षा हो, खेल हो या कोई भी प्रतियोगी क्षेत्र—हमारी बेटियां पीछे नहीं हैं, बल्कि आगे बढ़कर नेतृत्व कर रही हैं।
ममता खाती की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने गोमती घाटी को नए गर्व से भर दिया है। यह एक प्रेरणा है उन सभी युवाओं के लिए जो बड़े सपने देखते हैं, लेकिन सोचते हैं कि गांव से निकलकर कुछ बड़ा कर पाना मुश्किल है। ममता ने दिखा दिया कि अगर जुनून हो, मेहनत हो, और हौसला हो, तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं।
ममता खाती और उनके परिवार को ‘मेरा हक न्यूज़’ की ओर से बहुत-बहुत शुभकामनाएं और बधाई। माता कोट भ्रामरी से हम प्रार्थना करते हैं कि आपकी आगे की यात्रा और भी सफल हो।
बहन ममता, आपका यह योगदान सदियों तक याद रखा जाएगा। आपने सिर्फ पदक नहीं जीते, आपने उत्तराखंड की बेटियों के हौसले को सुनहरी चमक दी है। आपको दिल से सलाम!





Users Today : 4
Users Yesterday : 160
Users Last 7 days : 1074