राजकीय इंटर कॉलेज कौलाग में जन जन की सरकार जन जन के द्वार अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित



आज 22 जनवरी 2026 को विकास खण्ड व तहसील गरूड़ अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज कौलाग परिसर में जन जन की सरकार जन जन के द्वार अभियान के तहत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी गरूड़ वैभव काण्डपाल ने की। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे तथा आम जनता की समस्याएं सुनी गईं।

उप जिलाधिकारी ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 26 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना है।
शिविर में कोतवाल कैलाश सिंह नेगी द्वारा साइबर अपराध को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करना चाहिए तथा आपात स्थिति में 112 नंबर पर संपर्क करें। साथ ही पोक्सो एक्ट की जानकारी देते हुए बताया गया कि यदि किसी नाबालिग के साथ किसी भी प्रकार की गलत हरकत होती है तो बिना डर के तुरंत पुलिस को सूचना दें।
ग्राम प्रधान रातोंडा ने सीटीसी योजना के अंतर्गत मेरे गांव मेरी सड़क प्रस्ताव, खाद्य आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं और अन्य स्थानीय मुद्दों को शिविर में रखा। वहीं भगवती देवी ने पेयजल समस्या को प्रमुखता से उठाया। शिविर में विकसित भारत रोजगार गारंटी योजना की जानकारी भी दी गई, जिसमें 125 दिन के रोजगार और 60 दिन की मजदूरी अतिरिक्त भुगतान की व्यवस्था पर प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने बताया कि सीसी मार्ग निर्माण कार्यों को भी शीघ्र शुरू किया जाएगा, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगे।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लाभ उठाया और अभियान को सफल बनाया।





Users Today : 3
Users Yesterday : 10
Users Last 7 days : 242