रिपोर्ट भगवत नेगी, मेरा हक न्यूज़
बागेश्वर से इस समय एक बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो अंतर्राज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 47 ग्राम से अधिक अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
जानकारी के मुताबिक एसओजी बागेश्वर ने 24 अगस्त 2025 को द्वारिकाछीना अमसरकोट से दो आरोपियों को दबोचा। इनमें पहला आरोपी 19 वर्षीय सावनप्रीत सिंह, निवासी तरनतारन पंजाब के पास से 24.29 ग्राम स्मैक और दूसरा आरोपी 18 वर्षीय हरगुरजीत सिंह, निवासी तरनतारन पंजाब के पास से 22.95 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर कोतवाली बागेश्वर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के नेतृत्व में इस वर्ष अब तक बागेश्वर पुलिस द्वारा पिछले साल की तुलना में चार गुना ज्यादा अवैध स्मैक बरामद की गई है। यह कार्रवाई प्रदेश सरकार के उस लक्ष्य के तहत की जा रही है, जिसमें वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है।
इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी निरीक्षक सलाउद्दीन खान, हेड कॉन्स्टेबल राजभानु, कॉन्स्टेबल संतोष सिंह, कॉन्स्टेबल रमेश सिंह, कॉन्स्टेबल भुवन बोरा और चालक राजेंद्र कुमार की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बागेश्वर पुलिस का यह अभियान युवाओं को नशे की जाल से बचाने और तस्करों के खिलाफ कड़ा संदेश देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।





Users Today : 4
Users Yesterday : 160
Users Last 7 days : 1074