अपराध नियंत्रण पर एसपी की सख्ती, लंबित मामलों के निस्तारण के दिए कड़े निर्देश
मेरा हक न्यूज़ में आपका स्वागत है। बागेश्वर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोडके की अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार में मासिक कर्मचारी सम्मेलन और अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों के साथ पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण और अपराध नियंत्रण को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए।

एसपी ने साफ कहा कि सभी लंबित विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्ण जांच के साथ शीघ्र पूरा किया जाए। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने थाना स्तर पर अवैध नशे के कारोबार और शराब की बिक्री के खिलाफ अधिक से अधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं और नाबालिगों से जुड़े अपराधों पर त्वरित कार्रवाई पर भी बल दिया।
बैठक में सड़कों पर बढ़ते हादसों को रोकने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने और उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। साइबर अपराध और धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेकर साइबर सेल की मदद से दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में चौराहों, प्रतिष्ठानों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा की दृष्टि से CCTV कैमरे लगाने, पैदल और वाहन गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। हिस्ट्रीशीटर और मफरूर अपराधियों पर लगातार नजर रखने, गुमशुदा और नाबालिगों की सकुशल बरामदगी तथा अज्ञात शवों की शिनाख्त हेतु त्वरित कार्रवाई करने पर भी विशेष बल दिया गया।
इसके अलावा आपदा सीजन को देखते हुए राहत और बचाव कार्यों के लिए पूरी तैयारी रखने, बीट आरक्षियों को अपने क्षेत्र में सीनियर सिटीजन्स से लगातार संवाद बनाए रखने और आम जनता के बीच जागरूकता अभियान चलाकर पुलिस-जन सहयोग को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए।
इस बैठक में कपकोट के पुलिस उपाधीक्षक मनीष शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक प्रताप सिंह नेगी सहित जिले के तमाम थाना, चौकी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे। सम्मेलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 पुलिस कर्मियों को सम्मानित भी किया गया।
रिपोर्ट भागवत नेगी, मेरा हक न्यूज़





Users Today : 7
Users Yesterday : 10
Users Last 7 days : 246