आपदा प्रभावित परिवारों को मिली राहत, प्रशासन ने बढ़ाया सहयोग का हाथ
रिपोर्ट: भागवत नेगी, मेरा हक न्यूज़
मेरा हक न्यूज़ में आपका स्वागत है। मानसून के दौर में आपदा से जूझ रहे परिवारों को राहत देने के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयासरत है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देशों के तहत बागेश्वर प्रशासन ने गरुड़ क्षेत्र में प्रभावित परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाई है। तहसीलदार निशा रानी ने जानकारी दी कि अब तक 72 प्रभावित परिवारों को कुल 6 लाख 91 हजार रुपये की आर्थिक सहायता वितरित की जा चुकी है। इसके साथ ही जरूरतमंदों को 20 राशन किट और 12 तिरपाल भी उपलब्ध कराए गए हैं ताकि वे अपनी बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा कर सकें।

राजस्व विभाग की टीम लगातार आपदा प्रभावित गांवों का दौरा कर रही है। खतरे की जद में आए मकानों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रभावितों को हरसंभव मदद दी जाएगी। इस बीच जानकारी सामने आई है कि 46 विभागीय संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचा है, जिसके आकलन और सुधार की कार्रवाई जारी है।
प्रशासन के इन प्रयासों से आपदा प्रभावित परिवारों को राहत और सुरक्षा का अहसास हुआ है। लोग उम्मीद जता रहे हैं कि आगे भी ऐसी संवेदनशीलता के साथ उन्हें सहायता मिलती रहेगी।





Users Today : 7
Users Yesterday : 10
Users Last 7 days : 246