कोतवाली बागेश्वर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों के निस्तारण और साइबर जागरूकता पर जोर
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। कोतवाली बागेश्वर में व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए पुलिस उपाधीक्षक अजय साह ने अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना कार्यालय, हवालात, मालखाना, भोजनालय, बैरक और भवन का निरीक्षण कर अभिलेखों के रखरखाव की जांच की गई। साथ ही पुलिसकर्मियों को कार्यप्रणाली में सुधार और जनसेवा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में 23 सितंबर 2026 को हुए निरीक्षण के दौरान कार्यालय के रजिस्टरों का परीक्षण किया गया, जिनका रखरखाव सही पाया गया। मालखाने का निरीक्षण करते हुए पंजीकृत अभियोगों से संबंधित माल के निस्तारण में तेजी लाने को कहा गया। पुलिसकर्मियों से शस्त्र संचालन का अभ्यास भी कराया गया और आपदा उपकरणों के उपयोग की जानकारी ली गई।

पुलिस उपाधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं और अन्य मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने, पुलिस सत्यापन बढ़ाने तथा सीसीटीएनएस पर अपराध संबंधी आंकड़ों को शत-प्रतिशत ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए। थाना क्षेत्र में नियमित बीट भ्रमण कर वरिष्ठ और अकेले रहने वाले नागरिकों की कुशलक्षेम जानने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, महिला एवं बाल सुरक्षा, गौरा शक्ति ऐप तथा हेल्पलाइन नंबर 112, 1930 और 1933 के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। थाना परिसर, कार्यालय और मैस में साफ-सफाई बनाए रखने तथा फरियादियों के साथ शालीन व्यवहार कर उनकी हरसंभव मदद करने को कहा गया।
निरीक्षण के बाद पुलिस उपाधीक्षक ने पुलिसकर्मियों का सम्मेलन लेकर उनकी विभागीय, पारिवारिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी कर्मचारियों को मेहनत, लगन और सतर्कता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।





Users Today : 5
Users Yesterday : 40
Users Last 7 days : 427