बागेश्वर से बड़ी खबर सामने आई है जहां पुलिस ने सख्ती से कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पूरे जनपद स्तर पर सघन चैकिंग अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में न सिर्फ यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्यवाही की गई, बल्कि सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर हुड़दंग मचाने वालों पर भी शिकंजा कसा गया।

पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार 20 अगस्त से शुरू हुए इस विशेष अभियान में अब तक कुल 241 लोगों पर कार्रवाई की गई है। इनमें 138 लोगों को यातायात नियमों का पालन न करने पर चालान किया गया, वहीं 8 वाहनों को सीज और 9 वाहनों का कोर्ट चालान किया गया। इतना ही नहीं, सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर गंदगी फैलाने या शांति भंग करने वाले 103 लोगों पर पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्यवाही की गई है।
इसी अभियान के तहत ऑपरेशन कालनेमि भी लगातार जारी है। इस ऑपरेशन का मकसद ऐसे लोगों पर शिकंजा कसना है जो साधु संतों का भेष धारण कर लोगों को ठगने की कोशिश करते हैं और सनातन संस्कृति को बदनाम करने का प्रयास करते हैं। इस सत्यापन अभियान के दौरान अब तक 115 लोगों की जांच की गई है, जिनमें से 4 लोग संदिग्ध पाए गए। इनमें 3 लोगों पर 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई, जबकि 1 व्यक्ति के खिलाफ अभियोग दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू की गई है।
पुलिस का कहना है कि यह चैकिंग और सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या नियम तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस सख्ती का सीधा संदेश है कि जनपद बागेश्वर में कानून व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सक्रिय है।
यह था बागेश्वर पुलिस का ताज़ा अपडेट, जो साफ बताता है कि नियम तोड़ने वालों और शांति भंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।





Users Today : 6
Users Yesterday : 160
Users Last 7 days : 1076