रजत जयंती वर्ष में बागेश्वर में 3 से 9 नवंबर तक होंगे विशेष कार्यक्रम
मेरा हक न्यूज
उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष को लेकर बागेश्वर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने बताया कि 3 से 9 नवंबर तक जिले में विभिन्न विभागों द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य प्रदेश की विकास यात्रा और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाना है।
3 नवंबर को कृषि विज्ञान केंद्र बागेश्वर में कीवी महोत्सव और कृषक सम्मेलन होगा, जिसमें कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता और दुग्ध विभाग मिलकर बीज वितरण और तकनीकी जागरूकता कार्यक्रम करेंगे। 4 नवंबर को पर्यटन, युवा कल्याण और खेल विभाग की ओर से हिमालयन टूरिज्म फेयर, फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ आयोजित होंगी। इसका शुभारंभ अनाशक्ति आश्रम कौसानी से किया जाएगा।
5 नवंबर को सेवायोजन विभाग करियर काउंसलिंग मेला आयोजित करेगा। 6 नवंबर को स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, समाज कल्याण और बाल विकास विभागों की ओर से सामूहिक स्वास्थ्य शिविर और जनजागरूकता कार्यक्रम विकारखंड कपकोट में होंगे। 7 नवंबर को ट्राउट महोत्सव और आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
8 नवंबर को यूथ एंड स्पोर्ट्स फेस्ट के तहत शिक्षा, युवा कल्याण और खेल विभाग द्वारा स्कूली सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल प्रतियोगिताएं और पारिवारिक सहभागिता कार्यक्रम होंगे। 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के मुख्य कार्यक्रम नुमाइश मैदान, बागेश्वर में होंगे। इस मौके पर लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम, राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान, लखपति दीदी कार्यक्रम और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष आयोजन होंगे।
मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि रजत जयंती वर्ष का संदेश हर गांव तक पहुंचे। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रमों में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि आम जनता इन आयोजनों से लाभान्वित हो सके।
#Bageshwar #UttarakhandRajyaSthapnaDiwas #RajatJayanti #MeraHakNews





Users Today : 8
Users Yesterday : 127
Users Last 7 days : 264