पाँच साल से लटकी पेयजल योजना पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, SDM को सौंपा ज्ञापन
मेरा हक न्यूज़ में आपका स्वागत है।
ग्राम पंचायत तेलीहाट में वर्ष 2020 से लंबित पड़ी पेयजल योजना को लेकर अब ग्रामीणों का सब्र जवाब देने लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस पानी की आपूर्ति वर्तमान में वैकल्पिक रूप से की जा रही है, वह स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित नहीं है और यदि यही स्थिति बनी रही तो गांव में गंभीर बीमारियां और कई प्रकार के रोग फैलने का खतरा बढ़ सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार, बीते पाँच वर्षों में इस योजना को लेकर कई बार विभागीय अधिकारियों से बातचीत की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। “आजकल, आजकल” कहते-कहते विभाग ने पूरे पाँच साल निकाल दिए, लेकिन योजना आज भी अधूरी है और गांव को नियमित व स्वच्छ पानी नहीं मिल पा रहा है।
इसी गंभीर समस्या को लेकर आज ग्राम पंचायत तेलीहाट के ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी गरुड़ को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में दयाल काला, पूजा मेहरा ग्राम प्रधान, दीपक काला, पूरन काला, संतोष काला, ठाकुर मेहरा, नंदन मेहरा, दरवान मेहरा सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने स्पष्ट रूप से बताया कि मौजूदा जल आपूर्ति से गांव के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि योजना को तत्काल पूर्ण कर गांव के हर नल तक सुरक्षित पानी पहुंचाया जाए। साथ ही उन्होंने प्रशासन को दस दिनों का समय दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि दस दिन के भीतर योजना पूरी तरह से गांव को पानी देने में सफल नहीं होती है, तो वे मजबूरन धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाएंगे।
अब यह मामला प्रशासन के सामने है। देखना यह होगा कि तय समय सीमा में इस गंभीर समस्या का समाधान होता है या ग्रामीणों को आंदोलन के लिए सड़क पर उतरना पड़ेगा।





Users Today : 124
Users Yesterday : 71
Users Last 7 days : 302