सपनों की उड़ान 2026 में मेहनत की जीत, पल्लवी नेगी बनी प्रेरणा
रिपोर्ट भगवत नेगी मेरा हक न्यूज
बागेश्वर जिले मे गरुड़ ब्लॉक की होनहार छात्रा पल्लवी नेगी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सपने बड़े हों और मेहनत सच्ची हो, तो संसाधनों की कमी भी राह नहीं रोक सकती। राजकीय जूनियर हाईस्कूल माल्दे में कक्षा आठ में अध्ययनरत पल्लवी ने सपनों की उड़ान प्रतियोगिता 2026 के तहत आयोजित जिला स्तरीय सुलेख प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
ब्लॉक और सीआरसी स्तर की प्रतियोगिताओं को पार करते हुए जब पल्लवी जिला स्तर पर अव्वल रही, तो उसकी लिखावट सोशल मीडिया और व्हाट्सएप समूहों में तेजी से वायरल हो गई। लोगों ने उसकी सुंदर, सुस्पष्ट और भावनात्मक लेखनी की खुलकर प्रशंसा की। साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली पल्लवी के पिता दिनेश नेगी और माता कविता नेगी, जो खेती और पशुपालन से जुड़ी हैं, ने हमेशा सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा रखा। यही भरोसा आज एक बड़ी सफलता के रूप में सामने आया है।
पल्लवी के पिता वरिष्ठ पत्रकार दिनेश नेगी ने बताया कि उनकी बेटी ने प्राथमिक शिक्षा से लेकर वर्तमान तक सरकारी विद्यालयों में ही अध्ययन किया है और शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन तथा अपनी मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। इस उपलब्धि पर शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने पल्लवी को बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पल्लवी नेगी की यह सफलता न केवल छात्रों के लिए, बल्कि उन अभिभावकों के लिए भी प्रेरणा है जो सरकारी शिक्षा में विश्वास रखते हैं। उसकी यह उड़ान बताती है कि सही मार्गदर्शन, परिश्रम और आत्मविश्वास से हर सपना साकार किया जा सकता है।





Users Today : 3
Users Yesterday : 47
Users Last 7 days : 277