आसमान में उड़ान का रोमांच, देशभर के पायलट जुटेंगे… दो दिवसीय पैराग्लाइडिंग फेस्ट में राज्य मंत्री होंगे मुख्य अतिथि
मेरा हक न्यूज़ में आपका स्वागत है।
पहाड़ों की खूबसूरत वादियों में अब रोमांच और साहस का एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। आगामी 16 और 17 मार्च 2026 को आयोजित होने जा रहा मेजुलियान पैराग्लाइडिंग फेस्ट सीजन 1 क्षेत्र में एडवेंचर स्पोर्ट्स को नई पहचान देने वाला कार्यक्रम बनने जा रहा है। इस विशेष आयोजन में देशभर से पैराग्लाइडिंग पायलट और प्रतिभागी भाग लेने के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहेंगे। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन युवाओं में साहसिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
यह आयोजन नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग उत्तरकाशी और जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स पहलगाम के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।जिसका नेतृत्व जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स पहलगाम के प्रिंसिपल कर्नल हेम चंद्र सिंह कर रहे है। एडवेंचर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में इन संस्थानों की विशेष पहचान है और इनके सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम देशभर के पायलटों और प्रतिभागियों के लिए एक बड़ा मंच बनने जा रहा है।
कार्यक्रम के तय कार्यक्रम के अनुसार 15 मार्च 2026 को प्रतिभागियों का आगमन होगा। इसके बाद 16 मार्च को सुबह 9 बजे पूजा और उद्घाटन समारोह के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। इसके बाद सुबह 10 बजे से पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता शुरू होगी जिसमें अधिकतम एयर टाइम की प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता दनाराखाव से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगी और इस दौरान आसमान में उड़ान भरते पायलटों का अद्भुत दृश्य देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम के दूसरे दिन यानी 17 मार्च को सुबह 10 बजे से पैराग्लाइडिंग की एक और महत्वपूर्ण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी जिसमें पायलटों की सटीक लैंडिंग यानी एक्यूरेसी प्रतियोगिता कराई जाएगी। इस प्रतियोगिता की शुरुआत भी दनाराखाव से होगी जबकि लैंडिंग जोन उडुखुली में निर्धारित किया गया है। इसके बाद दोपहर 2 बजे समापन और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा जिसमें विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
इस आयोजन की खास बात यह है कि इसमें पूरे भारत से अनुभवी पैराग्लाइडिंग पायलट और एडवेंचर स्पोर्ट्स के शौकीन प्रतिभागी हिस्सा लेने के लिए पहुंच रहे हैं। इससे न केवल एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा मिलेगा बल्कि क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन संभावनाओं को भी एक नई पहचान मिलेगी। स्थानीय लोग भी इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साहित हैं और बड़ी संख्या में लोग इस रोमांचक खेल को देखने के लिए पहुंचने की संभावना है।
आयोजकों का मानना है कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को साहसिक खेलों की ओर प्रेरित करते हैं और साथ ही पर्यटन गतिविधियों को भी मजबूती देते हैं। आने वाले समय में इस तरह के एडवेंचर स्पोर्ट्स आयोजन क्षेत्र को एक नए पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस पूरे आयोजन की जानकारी गरुड़ व्यवस्थापक एयरफोर्स के हरीश नेगी द्वारा दी गई है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से पैराग्लाइडिंग पायलट और प्रतिभागी पहुंचेंगे, जिससे यह आयोजन एडवेंचर स्पोर्ट्स के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
कुल मिलाकर कहा जाए तो यह दो दिवसीय पैराग्लाइडिंग फेस्ट रोमांच, साहस और पर्यटन को एक साथ जोड़ने वाला एक अनोखा आयोजन बनने जा रहा है, जहां आसमान में उड़ान भरते पायलटों का शानदार नजारा लोगों को आकर्षित करेगा और यह कार्यक्रम पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का अवसर बनेगा।





Users Today : 0
Users Yesterday : 250
Users Last 7 days : 750