रिपोर्ट भगवत नेगी मेरा हक न्यूज
बागेश्वर जिले के गरुड़ ब्लॉक के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ में आज स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देते हुए अत्याधुनिक सुपर लो रेडिशन डिजिटल एक्स-रे मशीन का शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण पहल के साथ अब क्षेत्र के मरीजों को एक्स-रे कराने के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। अस्पताल में ही सरकार द्वारा निर्धारित शुल्क पर उच्च गुणवत्ता वाले डिजिटल एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा मरीजों को शीघ्र और बेहतर उपचार मिल सकेगा।
उद्घाटन समारोह में राज्य दर्जा मंत्री शिव सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, भाजपा गरुड़ मंडल अध्यक्ष सुनील दोसाद, सीएमएस बागेश्वर तथा एमओआईसी डॉ. सपना राजपूत सहित कई जनप्रतिनिधि और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डिजिटल एक्स-रे तकनीक से बीमारियों की अधिक स्पष्ट और सटीक पहचान हो सकेगी, जिससे चिकित्सकों को सही समय पर उचित उपचार देने में बड़ी सहायता मिलेगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में अब सप्ताह में तीन दिन अल्ट्रासाउंड सेवा भी उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही सप्ताह में तीन दिन वरिष्ठ सर्जन की उपस्थिति से मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श और उपचार का लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगा।
स्थानीय लोगों ने इस सुविधा को क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए सरकार और स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया। यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





Users Today : 633
Users Yesterday : 1371
Users Last 7 days : 3430