हरेला पर्व पर श्री बली बूबूजी महाराज मंदिर, जिन्तोली में होगा अखण्ड रामायण पाठ, विशाल भंडारा एवं भजन संध्या का आयोजन
गरुड़ (बागेश्वर)। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री बली बूबूजी महाराज मंदिर, जिन्तोली में इस वर्ष भी श्रद्धा और भक्ति के साथ अखण्ड रामायण पाठ कथा का आयोजन किया जाएगा। विगत वर्षों की भांति वर्ष 2026 में भी आयोजित होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर मंदिर समिति की बैठक संपन्न हुई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता मंदिर समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह परिहार ने की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ अखण्ड रामायण पाठ का शुभारंभ किया जाएगा। इसके पश्चात शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को पूर्णाहुति के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं सहित सभी जनपदवासियों को प्रसाद ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
बैठक में सचिव कमलेश मेहता, जितेन्द्र मेहता, त्रिलोक सिंह बुटोला, भुवन आर्या, बलवंत सिंह रावत (भ्रामरी मार्बल, गरुड़), प्रमोद परिहार, राजेन्द्र परिहार, महेन्द्र फर्स्वाण, राजीव रावत, विकेन्द्र रावत सहित समिति के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा करते हुए अपने-अपने दायित्वों का निर्धारण किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या ने बताया कि इस वर्ष आयोजित होने वाले विशाल भंडारे की व्यवस्था उनके व्यक्तिगत सहयोग से की जाएगी। उन्होंने लोकपर्व हरेला की समस्त जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी श्रद्धालुओं से श्री बली बूबूजी महाराज मंदिर, जिन्तोली पहुंचकर अखण्ड रामायण पाठ में सहभागिता करने तथा भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि हरेला उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक एकता का प्रतीक पर्व है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आध्यात्मिक चेतना के साथ-साथ आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता को भी मजबूती मिलती है।
आयोजन को और अधिक भक्तिमय बनाने के लिए 16 जुलाई की सायंकाल अलंकार संगीत मंडली, गरुड़ द्वारा भव्य भजन संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। मंडली द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों और संगीतमय कार्यक्रमों से श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।
मंदिर समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं एवं जनप्रतिनिधियों से इस दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अखण्ड रामायण पाठ का श्रवण करने, भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने तथा सायंकालीन भजन संध्या का आनंद लेने की अपील की है।





Users Today : 1351
Users Yesterday : 424
Users Last 7 days : 2815