बागेश्वर पुलिस का म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध जागरूकता अभियान
REPORT- VAISHNAVI
चिन्हित खाताधारकों की काउंसलिंग कर साइबर अपराध से बचाव की दिलाई शपथ
बागेश्वर। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर ठगी में बैंक खातों और UPI के दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जनपद पुलिस द्वारा म्यूल बैंक खातों के विरुद्ध जागरूकता एवं काउंसलिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत पुलिस द्वारा चिन्हित खाताधारकों से संपर्क कर उनकी काउंसलिंग की गई। इस दौरान उन्हें साइबर अपराधियों द्वारा बैंक खातों, UPI एवं अन्य डिजिटल माध्यमों के दुरुपयोग से होने वाले कानूनी एवं वित्तीय नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
पुलिस ने खाताधारकों को जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी प्रकार के लालच, कमीशन अथवा आर्थिक लाभ के बदले अपना बैंक खाता, ATM/डेबिट कार्ड, UPI आईडी, इंटरनेट बैंकिंग अथवा अन्य बैंकिंग जानकारी किसी दूसरे व्यक्ति को उपलब्ध न कराएं। ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध से प्राप्त धनराशि को इधर-उधर करने में किया जा सकता है, जिससे खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई की जद में आ सकते हैं।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे अपने बैंक खाते और डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं का उपयोग पूरी सावधानी से करें तथा किसी भी व्यक्ति के कहने पर अपने खाते या UPI का इस्तेमाल न करने दें।
इस दौरान चिन्हित खाताधारकों एवं आम जनमानस को साइबर अपराध से दूर रहने तथा अपने बैंक खाते और UPI का दुरुपयोग न होने देने की शपथ भी दिलाई गई। पुलिस ने लोगों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।





Users Today : 30
Users Yesterday : 120
Users Last 7 days : 3283