Home » उत्तराखंड » बागेश्वर न्यूज़ » आयुर्वेदिक सेवाओं का विस्तार, स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ता बागेश्वर

आयुर्वेदिक सेवाओं का विस्तार, स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ता बागेश्वर

Spread the love

आयुर्वेदिक सेवाओं का विस्तार, स्वस्थ जीवनशैली की ओर बढ़ता बागेश्वर

REPORT- VAISHNAVI

पंचकर्म, योग एवं क्षार सूत्र जैसी आयुष सेवाओं से स्थानीय स्तर पर मिल रही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं

बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में आयुष एवं पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों का प्रभाव जनपद बागेश्वर में भी देखने को मिल रहा है। जिला आयुर्वेद एवं यूनानी विभाग द्वारा पंचकर्म, योग एवं क्षार सूत्र जैसी सेवाओं को अधिक सुलभ बनाकर आमजन को स्थानीय स्तर पर बेहतर आयुष चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पंचकर्म सेवाओं का बढ़ रहा लाभ

उच्चीकृत राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय मजियाखेत में वर्ष 2025-26 के दौरान 1,090 पंचकर्म थेरेपी प्रदान की गईं, जबकि वर्ष 2026-27 में अब तक 490 थेरेपी दी जा चुकी हैं। इसी प्रकार आयुष विंग, जिला चिकित्सालय बागेश्वर में वर्ष 2025-26 में 2,659 तथा वर्ष 2026-27 में अब तक 552 पंचकर्म थेरेपी प्रदान की गई हैं।

चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार मरीजों को अभ्यंग, स्वेदन, शिरोधारा, नस्य, कटि बस्ति, जानु बस्ति, ग्रीवा बस्ति एवं पिंड स्वेदन जैसी विभिन्न पंचकर्म प्रक्रियाओं का लाभ मिल रहा है। इन सेवाओं के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि जनपद में आयुर्वेदिक चिकित्सा के प्रति विश्वास और स्वीकार्यता को दर्शाती है।

योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली पर जोर

आयुष सेवाओं को केवल उपचार तक सीमित न रखते हुए निवारक स्वास्थ्य एवं स्वस्थ जीवनशैली पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। जनपद के विभिन्न आयुर्वेदिक केंद्रों एवं जिला स्तर पर नियमित योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से लोगों को योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

क्षार सूत्र से मिल रही शल्य चिकित्सा सुविधा

इसके साथ ही क्षार सूत्र विधि के माध्यम से पाइल्स, फिशर एवं भगंदर जैसे गुदागत रोगों के उपचार के लिए आवश्यक शल्य चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे मरीजों को इन रोगों के लिए जनपद में ही आयुष आधारित उपचार की सुविधा मिल रही है।

उपचार और निवारक स्वास्थ्य को एक साथ बढ़ावा

जनपद बागेश्वर में आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाओं का विस्तार उपचार, योग एवं निवारक स्वास्थ्य को एक साथ जोड़ते हुए स्वस्थ समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है। स्थानीय स्तर पर बढ़ती आयुष सुविधाओं से आमजन को सुलभ एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं और आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों का भरोसा भी मजबूत हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Mera Hak News हिंदी के साथ रहें अपडेट

सब्स्क्राइब कीजिए हमारा डेली न्यूजलेटर और पाइए खबरें आपके इनबॉक्स में

और खबरें

Our Visitor

0 5 1 8 5 6
Users Today : 91
Users Yesterday : 85
Users Last 7 days : 1680

Rashifal