ऑपरेशन प्रहार के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर बागेश्वर पुलिस की कार्रवाई जारी
REPORT- VAISHNAVI
यातायात नियम तोड़ने वाले 48 वाहन चालकों पर कार्रवाई, 2 वाहन सीज; शांति भंग करने वालों पर भी कसा शिकंजा
बागेश्वर। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बागेश्वर पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों एवं सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखी है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 07 सितंबर 2026 को जनपद पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 48 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। इनमें 14 वाहनों के कोर्ट चालान किए गए, जबकि 02 वाहनों को सीज किया गया।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था भंग करने वाले 05 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत तथा 11 व्यक्तियों के विरुद्ध कोटप्पा एक्ट में चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

बागेश्वर पुलिस की आम जनता से अपील
बागेश्वर पुलिस ने आमजन से सार्वजनिक स्थानों पर शांति, सुरक्षा एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से शराब पीकर वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने तथा कानून व्यवस्था को अपने हाथ में लेने जैसी गतिविधियों से दूर रहने को कहा है।
पुलिस ने यह भी अपील की है कि यदि कहीं कोई व्यक्ति हुड़दंग या अशांति फैलाता है तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।





Users Today : 99
Users Yesterday : 85
Users Last 7 days : 1688