जनसुनवाई में 15 शिकायतें प्राप्त, अधिकांश का मौके पर निस्तारण
REPORT- VAISHNAVI
सड़क, पेयजल, पेंशन और मुआवजा सहित विभिन्न मामलों को लेकर पहुंचे फरियादी
बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान सड़क, पेयजल, पेंशन, मुआवजा सहित विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 15 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वास्तोली क्षेत्र में खनन के कारण खेतों को हुए नुकसान से संबंधित शिकायत पर अपर जिलाधिकारी ने जिला खान अधिकारी को मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर प्रकरण की जांच करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, मनीगांव-कांडे क्षेत्र में पेयजल लाइन को क्षति पहुंचाए जाने की शिकायत पर जल संस्थान के अधिकारियों को संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

प्रभावित काश्तकारों को मुआवजा देने के निर्देश
अमतोड़ा-डूंगरगांव सड़क निर्माण से प्रभावित काश्तकारों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी को त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं ‘हेलो बागेश्वर’ पोर्टल पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। अपर जिलाधिकारी ने 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से स्वयं वार्ता कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
अनुपस्थित जेई को शॉ-कॉज नोटिस के निर्देश
जनसुनवाई में अनुपस्थित रहने पर वेपकॉस के जेई को शॉ-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतने तथा शिकायतों के समाधान की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।





Users Today : 91
Users Yesterday : 85
Users Last 7 days : 1680