वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा हेतु बागेश्वर पुलिस तत्पर, घर-घर जाकर जाना बुजुर्गों का हाल
REPORT- VAISHNAVI
पुलिस ने वरिष्ठ एवं एकल नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक, साइबर ठगी से बचाव की दी जानकारी
बागेश्वर, 08 सितंबर 2026। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा एवं सहायता को लेकर बागेश्वर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देशन में जनपद पुलिस की बीट टीमों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में रहने वाले वरिष्ठ एवं एकल नागरिकों से संपर्क कर उनका कुशलक्षेम जाना जा रहा है।
इसी क्रम में 08 सितंबर 2026 को बागेश्वर पुलिस की टीमों ने थाना क्षेत्र के अंतर्गत निवास कर रहे वरिष्ठ एवं एकल नागरिकों से घर-घर जाकर मुलाकात की। पुलिस कर्मियों ने बुजुर्गों से संवाद स्थापित कर उनके स्वास्थ्य, दैनिक जीवन एवं सुरक्षा से संबंधित जानकारी ली।
इस दौरान पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों को भरोसा दिलाया कि पुलिस उनकी मित्र है और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए उपलब्ध है। साथ ही उन्हें वर्तमान समय में बढ़ते अपराधों, विशेष रूप से साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने की जानकारी दी गई।
पुलिस कर्मियों ने बुजुर्गों को सलाह दी कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को बिना जानकारी के घर में प्रवेश न करने दें तथा आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

डिजिटल माध्यम से होने वाली साइबर ठगी से बचाव के लिए वरिष्ठ नागरिकों को विशेष रूप से जागरूक किया गया। उन्हें OTP किसी के साथ साझा न करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने तथा अनजान कॉल या संदेशों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल 112 या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना देने के लिए भी जागरूक किया।
इसके अलावा पुलिस ने लोगों से अपने घरों में रहने वाले किरायेदारों एवं घरेलू सहायकों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने की अपील की, ताकि किसी भी संभावित घटना से पहले सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
बागेश्वर पुलिस ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है तथा बीट स्तर पर उनके साथ नियमित संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली जा रही है।





Users Today : 112
Users Yesterday : 85
Users Last 7 days : 1701