विश्वकर्मा जयंती पर बागेश्वर पुलिस में विशेष पूजा-अर्चना, शस्त्रों से लेकर रेस्क्यू उपकरणों तक का हुआ विधिवत पूजन
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर 17 सितंबर 2026 को बागेश्वर पुलिस लाइन में शस्त्रों, राजकीय वाहनों, आपदा राहत उपकरणों और संचार प्रणालियों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (IPS) ने पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार, परिवहन शाखा और राजकीय कार्यशालाओं में आयोजित अनुष्ठान में शामिल होकर पूजा की।
विश्वकर्मा जयंती के लिए पुलिस लाइन परिसर को फूलों और रंगोली से सजाया गया था। आचार्य के वेद मंत्रोच्चार के बीच शस्त्रों का शुद्धिकरण कर तिलक लगाया गया और कलावा बांधकर विधिवत पूजन किया गया। इसके साथ ही पुलिसिंग और आपदा प्रबंधन में इस्तेमाल होने वाले तकनीकी उपकरणों तथा सरकारी वाहनों की आरती उतारी गई।

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जनपद के सभी थानों, पुलिस चौकियों और फायर स्टेशनों में भी विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। फायर सर्विस कर्मियों ने रेस्क्यू उपकरणों और फायर टेंडरों का पूजन कर आपदा व आपातकालीन परिस्थितियों में जन-धन की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की।
पूजा के बाद पुलिस कर्मियों को प्रसाद वितरित किया गया और विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दी गईं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हथियारों, वाहनों और तकनीकी उपकरणों की पुलिस विभाग के दैनिक कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका है। विश्वकर्मा पूजा पुलिस कर्मियों को अपने संसाधनों को दुरुस्त रखने और समाज की सुरक्षा व सेवा के प्रति निरंतर समर्पित रहने की प्रेरणा देती है।





Users Today : 38
Users Yesterday : 103
Users Last 7 days : 667