कोट भ्रामरी मेले में सुरक्षा का कड़ा पहरा, पुलिस ने संभाली कमान; बाहरी लोगों का सत्यापन, ट्रैफिक डायवर्जन से जाम पर नियंत्रण
Report- Vaishnavi
गरुड़। कत्यूर घाटी डंगोली में आयोजित सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक माँ कोट भ्रामरी मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बागेश्वर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। मेले में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और जनसहायता के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर अजय साह के नेतृत्व में पुलिस बल, महिला पुलिस कर्मियों और एलआईयू की तैनाती की गई है। ऑपरेशन कालनेमी के तहत मेला क्षेत्र, अस्थाई दुकानों, ढाबों और आसपास रह रहे बाहरी व्यक्तियों व प्रवासियों का सघन सत्यापन किया जा रहा है। बिना सत्यापन के रहने वालों तथा पहचान छिपाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
मेले में वृद्धजनों, महिलाओं और बच्चों की सहायता के लिए पुलिस कर्मियों को विशेष रूप से सक्रिय रखा गया है। वहीं, डंगोली-बैजनाथ मोटर मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। वाहनों को निर्धारित बैरियरों पर रोककर चिन्हित पार्किंग स्थलों में खड़ा कराया जा रहा है।

महिला सुरक्षा को लेकर महिला हेल्प डेस्क और एएनटीएफ टीम द्वारा महिलाओं व बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है। उन्हें गौरा शक्ति ऐप, महिला हेल्पलाइन 1090 और आपातकालीन नंबर 112 की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही साइबर ठगी, फेक लोन ऐप और डिजिटल अरेस्ट से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना देने तथा वाहन चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की गई है।
पुलिस ने मेलार्थियों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को देने की अपील की है।





Users Today : 39
Users Yesterday : 103
Users Last 7 days : 668