बागेश्वर में नशे पर लगाम लगाने की तैयारी तेज, डीएम ने दिए सख्त निर्देश; निर्माणाधीन नशा मुक्ति केंद्र की भी होगी नियमित समीक्षा
Report- Vaishnavi
NCORD की बैठक में अवैध मादक पदार्थों पर कार्रवाई, युवाओं को जागरूक करने और नशे से प्रभावित बच्चों को सहायता देने पर जोर
बागेश्वर। जनपद में नशे की रोकथाम और मादक पदार्थों की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए नशे के खिलाफ कार्रवाई तेज करने, जनजागरूकता बढ़ाने और आपसी समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने बताया कि पुलिस मादक पदार्थों और अवैध शराब से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने भांग की अवैध खेती को नष्ट करने के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी।
जिलाधिकारी ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए कार्रवाई के साथ जागरूकता अभियान भी प्रभावी ढंग से चलाए जाएं। विशेष रूप से युवाओं और किशोरों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें उचित मार्गदर्शन देने पर जोर दिया गया। आबकारी विभाग को बार और अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों का संचालन निर्धारित लाइसेंस व नियमों के अनुसार सुनिश्चित कराने और उल्लंघन पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

औषधि निरीक्षक पूजा रानी ने बताया कि जनपद में दवा प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। इस दौरान नारकोटिक एवं साइकोट्रोपिक औषधियों की बिक्री से जुड़े अभिलेखों, पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
डीएम ने नशे से प्रभावित बच्चों और किशोरों की पहचान कर उन्हें उचित परामर्श, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में बच्चों की गोपनीयता और गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा शिक्षा, स्वास्थ्य विभाग और बाल कल्याण समिति आपसी समन्वय से कार्य करें।
बैठक में ठेलापाटन में निर्माणाधीन नशा मुक्ति केंद्र की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और प्रत्येक बैठक में केंद्र की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, पुलिस उपाधीक्षक अजय शाह, औषधि निरीक्षक पूजा रानी, पुलिस निरीक्षक सल्लाउद्दीन, एसीएमओ अनुपमा ह्यांकी, मुख्य कृषि अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





Users Today : 101
Users Yesterday : 110
Users Last 7 days : 1047