बागेश्वर: जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने विकास योजनाओं की समीक्षा की, दिसंबर से पहले टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश
Report- Vaishnavi
बजट खर्च में लापरवाही पर सख्ती, वन विभाग की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी; पर्यटन विभाग को एक माह में सुधार के निर्देश
बागेश्वर। जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला योजना, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित एवं बाह्य सहायतित योजनाओं सहित बीस सूत्रीय कार्यक्रम, 25 सूत्रीय कार्यक्रम, टास्क फोर्स और मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आवंटित बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। बीस सूत्रीय कार्यक्रम के तहत सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करें। बजट व्यय की समीक्षा के दौरान वन विभाग की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही कम खर्च करने वाले विभागों की अवशेष धनराशि नियमानुसार बेहतर प्रगति करने वाले विभागों को हस्तांतरित करने की कार्रवाई के निर्देश दिए, ताकि बजट का प्रभावी उपयोग हो सके।

पर्यटन विभाग की समीक्षा में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी को चेतावनी दी गई। जिलाधिकारी ने एक माह के भीतर कार्यों में सुधार लाने के निर्देश देते हुए कहा कि संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर संबंधित कार्यों और दायित्वों के हस्तांतरण की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री घोषणाओं के संबंध में उन्होंने लंबित कार्यों में तेजी लाने और जिला स्तर पर लंबितता समाप्त करने को कहा। साथ ही टेंडर प्रक्रिया और कार्य आवंटन से जुड़ी सभी लंबित औपचारिकताएं दिसंबर से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। 25 सूत्रीय कार्यक्रम और टास्क फोर्स के निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए विभागों को आपसी समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, जिला विकास अधिकारी संगीता आर्य सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





Users Today : 234
Users Yesterday : 190
Users Last 7 days : 1321