दीपावली पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर बागेश्वर पुलिस अलर्ट, एसपी ने दिए सख्त निर्देश; 13 पुलिसकर्मी सम्मानित
Report- Vaishnavi
बाजारों में बढ़ेगी पुलिस की गश्त, सीसीटीवी निगरानी और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर; अपराधियों व नशा तस्करों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश
बागेश्वर। आगामी दीपावली एवं त्योहारों के मद्देनजर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (IPS) ने गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को पुलिस लाइन मालता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, अपराधों के निस्तारण तथा जनसुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, विशिष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 13 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
गोष्ठी में एसपी ने दीपावली के दौरान Visible Policing, Field Policing एवं Preventive Policing को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस की मौजूदगी केवल चौराहों और निर्धारित ड्यूटी स्थलों तक सीमित न रहे, बल्कि बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित गश्त की जाए। बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, पार्किंग एवं नो-पार्किंग जोन निर्धारित करने, जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने और पैदल आवागमन सुचारु रखने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
व्यापारिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरों को चालू रखने, व्यापारियों एवं वाहन चालकों के साथ बैठक कर सुरक्षा उपायों पर चर्चा करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन विभाग को आतिशबाजी की दुकानों के सुरक्षा मानकों की जांच करने को कहा गया।

अपराध नियंत्रण के संबंध में एसपी ने अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ऑपरेशन प्रहार एवं ऑपरेशन लगाम के तहत सक्रिय अपराधियों और नशा तस्करों के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की जांच कर आवश्यकतानुसार गुंडा, गैंगस्टर और PIT NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करने को कहा गया। हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी और गंभीर मामलों में केस ऑफिसर स्कीम प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया गया।
एसपी ने लंबित विवेचनाओं और अपराधों का समयबद्ध निस्तारण, NBW/BW वारंटों की शत-प्रतिशत तामील तथा डायल-112 पर मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बीट अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित भ्रमण, वरिष्ठ नागरिकों की कुशलक्षेम लेने, महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई और बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने को कहा गया।
साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए स्कूलों, कॉलेजों और आम जनता के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा MRM और GRM पोर्टल का प्रचार-प्रसार बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही JMIS, CRIMAC, CEIR एवं NATGRID पोर्टलों का अधिकतम उपयोग करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्टों की निगरानी कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।

इससे पहले सैनिक सम्मेलन में एसपी ने पुलिसकर्मियों की विभागीय, व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक अजय साह, पुलिस उपाधीक्षक कपकोट राजेश साह सहित जनपद के समस्त थाना, चौकी एवं शाखाओं के प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।





Users Today : 99
Users Yesterday : 243
Users Last 7 days : 1278