राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं को लेकर डीएम अपूर्वा पाण्डे ने की बैठक, शीघ्र समाधान का दिया भरोसा
Report- Vaishnavi
स्वास्थ्य, परिवहन और पर्यटन विकास सहित लंबित प्रकरणों पर हुई चर्चा; पिंडारी-कफनी ट्रेकिंग मार्गों को बेहतर बनाने के सुझाव रखे
बागेश्वर। राज्य आंदोलनकारियों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों के समाधान को लेकर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य आंदोलनकारियों ने शासन एवं जिला स्तर पर लंबित प्रकरणों को उठाते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बैठक में राज्य आंदोलनकारियों ने संबोधन से संबंधित प्रकरणों में संशोधन, स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने और परिवहन व्यवस्था में सुधार के मुद्दे उठाए। इसके साथ ही बागेश्वर में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए पिंडारी, कफनी सहित अन्य हिमालयी ट्रेकिंग स्थलों के विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ट्रेकिंग मार्गों की स्थिति सुधारने और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव दिया। इसके अलावा वन्यजीवों से जुड़ी समस्याओं और भूमि संबंधी प्रकरणों पर भी चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। जिला स्तर पर संबंधित विभागों से मामलों का परीक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जबकि शासन स्तर से जुड़े प्रकरणों को उचित माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनपद में पर्यटन विकास के लिए जिला प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। पिंडारी, कफनी सहित विभिन्न ट्रेकिंग मार्गों को सुगम और व्यवस्थित बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। साथ ही सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी से जुड़े प्रस्तावों और उनकी प्रगति की भी नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि पर्यटन के साथ आवागमन की सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।
बैठक में उपजिलाधिकारी वैभव कांडपाल, अनिल चन्याल सहित पूरन सिंह रावत, गंगा सिंह पांगती, लीलाधर पांडा, दान सिंह, रमेश पांडे, राजेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, नीमा दौफौटी, गोविंद भंडारी, भुवन चंद्र कांडपाल और हीरा बल्लभ भट्ट सहित अन्य राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।





Users Today : 99
Users Yesterday : 243
Users Last 7 days : 1278