बागेश्वर में 12 हजार महिलाएं बनीं लखपति दीदी, स्वयं सहायता समूहों की आय बढ़ाने पर डीएम ने दिया जोर
Report- Vaishnavi
एनआरएलएम एवं रीप की समीक्षा बैठक में महिला उद्यमिता, पॉलीहाउस स्थापना और उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने के निर्देश
बागेश्वर। जनपद में महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और ग्रामीण आजीविका के नए अवसर विकसित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) एवं ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना (रीप) के कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों, स्वरोजगार, उद्यम स्थापना और स्थानीय उत्पादों के विपणन की प्रगति की जानकारी लेते हुए महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी क्लस्टर लेवल फेडरेशन (सीएलएफ) की बैलेंसशीट एवं गतिविधियों का विवरण उपलब्ध कराने तथा बेहतर कार्य करने वाली 10 महिलाओं को चिन्हित कर एक्सपोजर विजिट कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने रीप को चार सीएलएफ में पॉलीहाउस स्थापित करने का लक्ष्य देने के निर्देश दिए। साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को बचत, बैंकिंग, ऋण प्रबंधन और विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी देकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जाए। समूहों को बेहतर प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और विपणन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएं।
जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए ग्रोथ सेंटर, सरस केंद्र और सरस मेले के माध्यम से विपणन किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि जनपद में अब तक 12 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इसके अलावा 3,285 स्वयं सहायता समूहों और 26 क्लस्टर लेवल फेडरेशन का गठन किया जा चुका है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, भेषज समन्वयक ताहिर हुसैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





Users Today : 1
Users Yesterday : 40
Users Last 7 days : 341