मेरा हक न्यूज़ में आपका स्वागत है।
बात है आज सुबह की… जब पूरा इलाका अभी नींद से जाग भी नहीं पाया था, तभी बागेश्वर के जिलाधिकारी आशीष भटगाईं तड़के सात बजे कपकोट पहुंच गए। उनका मकसद था – आपदा से पहले तैयारी को परखना और ज़मीन पर जाकर हालात का जायज़ा लेना।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले तहसील कपकोट स्थित आपातकालीन आपदा परिचालन केंद्र और आपदा नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से रिस्पांस टाइम, स्टाफ की उपस्थिति और संचार व्यवस्था की जानकारी ली और देखा कि कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हो रही।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने PWD, पीएमजीएसवाई, NDRF और SDRF की टीमों को तत्काल केंद्र पर तलब किया और उनकी त्वरित प्रतिक्रिया की क्षमता को परखा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग हर हाल में सतर्क रहें, मशीनें और स्टाफ पूरी तरह एक्टिव मोड में हों, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में एक भी मिनट न गंवाया जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने भूस्खलन से प्रभावित भानी-हर्सिंग्या-बगड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। यहां पर भारी भूस्खलन से मार्ग अवरुद्ध हो गया था। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को तत्काल मार्ग साफ कर चालू करने के निर्देश दिए। लोनिवि के ईई अमित कुमार पटेल ने बताया कि मार्ग को आज शाम तक दुरुस्त कर दिया जाएगा।
निरीक्षण के तीसरे चरण में जिलाधिकारी ने केदारेश्वर मैदान स्थित NDRF कंट्रोल सेंटर का भी दौरा किया। यहां उन्होंने टीम की तैयारी, उपकरणों की उपलब्धता, संचार नेटवर्क और मेडिकल व्यवस्था को बारीकी से परखा।
NDRF इंस्पेक्टर कपिल अहलावत ने बताया कि उनकी टीम पूरी तरह तैयार है। लाइफ सेफ्टी किट्स, रेस्क्यू टूल्स, मेडिकल सहायता समेत सभी जरूरी उपकरण पूरी तरह एक्टिव मोड में हैं और मॉक ड्रिल्स लगातार की जा रही हैं, ताकि ज़रूरत पड़ने पर एक सेकेंड भी न गंवाना पड़े।
निरीक्षण के दौरान कपकोट के उपजिलाधिकारी अनिल सिंह रावत, पीएमजीएसवाई के अम्बरीष रावत, तहसीलदार जितेन्द्र जोशी समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी आशीष भटगाईं ने दो टूक कहा – “आपदा की आशंका को हल्के में नहीं लिया जा सकता। हर विभाग को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा और आम जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी।”
मेरा हक न्यूज़ आपको लगातार ज़मीन से जुड़ी अपडेट देता रहेगा। ऐसी ही ख़बरों के लिए जुड़े रहिए।





Users Today : 184
Users Yesterday : 7
Users Last 7 days : 426