उत्तराखंड के परंपरागत लोकपर्व हरेला और नदी उत्सव का भव्य आयोजन आज सुबह 9 बजे बागेश्वर जिले के बैजनाथ मंदिर परिसर में बड़े हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आशिष कुमार भटगाईं ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राज्य दर्जा मंत्री शिव सिंह बिष्ट उपस्थित रहे। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, छात्र और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत से हुई, जिसे राजकीय इंटर कॉलेज पाए के विद्यार्थियों ने सुमधुर स्वर में प्रस्तुत किया। मंच संचालन की जिम्मेदारी चंद्रशेखर बढ़सीला ने निभाई। एसडीएम प्रियंका रानी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी महत्वपूर्ण बना दिया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि हरेला केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि यह प्रकृति, नदियों और हरियाली के प्रति हमारी आस्था और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि पूरे जिले में एक माह तक वृक्षारोपण अभियान चलेगा, जिसके तहत पचास हजार पौधे लगाए जाएंगे।
राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि हरेला पर्व केवल उत्तराखंड का ही नहीं, बल्कि अब देश-विदेश में भी फैल चुका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने गांव, नदियों और परिवेश को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिला वन अधिकारी मार्तोलिया ने पर्यावरण की रक्षा और पौधों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जैसे ही एक बीज धरती में पड़ता है, वह जीवन की ओर बढ़ता है और धरती को संजीवनी प्रदान करता है।
कार्यक्रम में नवोदय विद्यालय से आए एनसीसी कैडेट्स ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। वक्ताओं ने कहा कि धरती में नमी आते ही चारों ओर हरियाली फैलती है और यही संदेश हरेला पर्व के माध्यम से दिया जाता है।
समारोह में

खंड शिक्षा अधिकारी कमलेश्वरी मेहता, पंचायत प्रतिनिधि देवेंद्र गोस्वामी, वृक्ष प्रेमी जगदीश कुनियाल और बीबी जोशी सहित तहसीलदार निशा रानी ने भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। मंत्री ने बताया कि उन्होंने अपने ननिहाल में स्वच्छता अभियान चलाया और लोगों को शौचालय निर्माण तथा स्वच्छ जल के उपयोग को लेकर जागरूक किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी क्षितिज वर्मा ने मिल-जुलकर काम करने की महत्ता पर बल दिया और कहा कि युवाओं को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आगे आना होगा।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी आशिष कुमार भटगाईं, राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, एसडीएम प्रियंका रानी और स्कूल के बच्चों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण किया। पौधारोपण के इस प्रेरणादायक क्षण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
मेरा हक न्यूज़ से जुड़िए, जहां हर खबर होती है
आपके हक़ की आवाज़।





Users Today : 12
Users Yesterday : 10
Users Last 7 days : 251