मेरा हक न्यूज़ में आपका स्वागत है। आज हम आपको एक बड़ी और सकारात्मक खबर बता रहे हैं। बागेश्वर जिले में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत हो चुकी है और इसकी गूंज पूरे इलाके में सुनाई दे रही है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह विशेष अभियान आज जिला अस्पताल प्रांगण से जिलाधिकारी आशीष भटगांई और जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शुरू किया। यह अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक चलेगा और इसका मकसद है लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएँ सीधी पहुँचाना और हर परिवार को मजबूत बनाना।
अभियान के पहले ही दिन जिला अस्पताल में विशाल स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इस शिविर में ईएनटी, बाल रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, नेत्र रोग विशेषज्ञ और दंत रोग विशेषज्ञ सहित कई चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। रक्त जांच, मानसिक स्वास्थ्य परामर्श और दिव्यांग प्रमाणपत्र जैसी सेवाएँ भी पूरी तरह निशुल्क दी गईं। बड़ी संख्या में लोग यहाँ पहुँचे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में बीआईएस प्रमाणन संबंधी जानकारी भी दी गई और महिला स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस मौके पर प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संबोधन भी जिला अस्पताल परिसर में लाइव टेलीकास्ट किया गया। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में सेवा, समर्पण और जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए देशवासियों से स्वस्थ भारत और समृद्ध भारत के निर्माण में सहयोग की अपील की। उपस्थित लोग उनके संदेश को सुनकर गदगद हो उठे और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका स्वागत किया।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शिविर में स्वयं मरीजों से संवाद किया, उनकी समस्याएँ सुनीं और मौके पर समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कई दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र भी अपने हाथों से वितरित किए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह के शिविर जनता तक सीधा लाभ पहुँचाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं और यही असली सेवा है। उन्होंने जानकारी दी कि पूरे जिले में कुल 101 शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें से 82 शिविर आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में होंगे।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए और कहा कि नियमित रिपोर्टिंग और गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ सुनिश्चित करना हमारी पहली प्राथमिकता है।
इस शुभ अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, नगर पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढिया, सीएमओ कुमार आदित्य तिवारी, रेडक्रॉस चेयरमैन इंद्र सिंह फर्स्वाण, संजय शाह जगती, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, सीएमएस डॉ. तपन शर्मा, एसीएमओ दीपक कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
यह अभियान न केवल स्वास्थ्य सुविधाओं को घर-घर तक पहुँचाएगा, बल्कि लोगों को यह संदेश भी देगा कि स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार और सशक्त समाज की नींव है।





Users Today : 3
Users Yesterday : 10
Users Last 7 days : 242