बागेश्वर पुलिस की पहल: बीट भ्रमण कर बुजुर्गों का जाना हाल, साइबर अपराध के प्रति किया जागरूक
REPORT- VAISHNAVI
बागेश्वर। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के दिशा-निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के नेतृत्व में जनपद में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा एवं जन-जागरूकता को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली कौसानी पुलिस टीम द्वारा अपने-अपने बीट क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों एवं वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात की गई और उनका कुशलक्षेम जाना गया।
बीट भ्रमण के दौरान पुलिस टीम ने बुजुर्गों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं रोजमर्रा की आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। पुलिस ने वरिष्ठ नागरिकों को आश्वस्त किया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति अथवा समस्या के समय वे बिना किसी संकोच के तत्काल पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ने कहा कि बागेश्वर पुलिस आमजन की सुरक्षा एवं सेवा के लिए 24 घंटे तत्पर है।

साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय
वर्तमान समय में बढ़ते डिजिटल एवं वित्तीय अपराधों को देखते हुए पुलिस टीम ने ग्रामीणों एवं वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के प्रति जागरूक किया। पुलिस ने अपील की कि किसी भी अनजान फोन कॉल, मैसेज, लिंक अथवा लॉटरी के प्रलोभन में न आएं।
पुलिस ने लोगों को अपनी गोपनीय वित्तीय जानकारी जैसे ओटीपी, बैंक खाता संख्या, एटीएम पिन एवं अन्य बैंकिंग विवरण किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह दी। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देने की अपील की गई।
बागेश्वर पुलिस ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के लिए जनपद में जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।





Users Today : 51
Users Yesterday : 74
Users Last 7 days : 720