बागेश्वर के दूरस्थ गांवों में पुलिस की सुरक्षा पाठशाला, बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक को जागरूक किया
Report- Vaishnavi
बागेश्वर पुलिस ने सुदूरवर्ती पर्वतीय क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों, बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में बैजनाथ, कांडा और झिरौली पुलिस टीमों ने विभिन्न गांवों व शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण किया।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महेंद्र सिंह करायत राजकीय माध्यमिक उच्चतर विद्यालय कराला पालड़ी में छात्र-छात्राओं के लिए विशेष सुरक्षा पाठशाला आयोजित की गई। विद्यार्थियों को साइबर अपराध, यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा की जानकारी दी गई। नाबालिगों को वाहन न चलाने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
पुलिस टीमों ने स्याकोट, लेटला, गोखुरी, पटक्यूडा, सियाल डोबा और जैनकरास जैसे दूरस्थ गांवों में सुरक्षा चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान अकेले रहने वाले बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम जानी गई। पुलिस ने किसी भी आपात स्थिति में हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

ग्रामीणों को डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड और ऑनलाइन वित्तीय ठगी से बचाव के उपाय बताए गए। अनजान कॉल पर OTP या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने तथा साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी गई। साथ ही नशा तस्करी की सूचना 1933 मानस हेल्पलाइन पर देने की अपील की गई।
महिला सुरक्षा के तहत महिलाओं और छात्राओं के मोबाइल में गौरा शक्ति ऐप डाउनलोड कराकर लाइव पंजीकरण कराया गया। उन्हें 1090 महिला हेल्पलाइन और 112 आपातकालीन नंबर की जानकारी देते हुए आपात स्थिति में इनके उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई गई।





Users Today : 6
Users Yesterday : 68
Users Last 7 days : 823