बागेश्वर में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, मोबाइल और नकदी के साथ आरोपी गिरफ्तार
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। कोतवाली बागेश्वर क्षेत्र में मोबाइल की दुकान का शटर तोड़कर हुई चोरी का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन, नकदी और घटना में प्रयुक्त औजार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर की रात एसबीआई तिराहे के पास टॉप मोबाइल की दुकान का ताला तोड़कर चोर ने गल्ले में रखी 30 हजार रुपये की नकदी और करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के 7 मोबाइल फोन चोरी कर लिए थे। मामले में 3 अक्टूबर को शिकायत मिलने के बाद कोतवाली बागेश्वर में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन कर शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और संदिग्ध की तलाश शुरू की गई। पुलिस की कार्रवाई के परिणामस्वरूप 4 अक्टूबर को देवेन्द्र कुमार उर्फ बबलू, निवासी दुदिला, थाना कौसानी को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 मोबाइल फोन, करीब 70 हजार रुपये कीमत के, 14,050 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त आलानकब बरामद किया। मामले में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी चोरी और अन्य मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अधीक्षक ने त्वरित खुलासे के लिए पुलिस टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है।





Users Today : 4
Users Yesterday : 103
Users Last 7 days : 859