आसमान में रोमांच की उड़ान, 13 पायलटों ने भरी उड़ान, हजारों लोगों ने देखा अद्भुत नजारा
रिपोर्ट भगवत नेगी मेरा हक न्यूज
मेरा हक न्यूज़ में आपका स्वागत है। पहाड़ों की शांत और खूबसूरत वादियों में दो दिवसीय पैराग्लाइडिंग फेस्ट का शानदार आगाज हुआ, जहां देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे 13 पायलटों ने आसमान में रोमांचक उड़ान भरकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे ही रंग-बिरंगे पैराग्लाइडर आसमान में उड़े, पूरा इलाका उत्साह और रोमांच से भर गया और हजारों की संख्या में पहुंचे दर्शकों ने इस अद्भुत नजारे का आनंद लिया।




कार्यक्रम का उद्घाटन संयुक्त रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्य और पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत सदस्य लक्ष्मण आर्य, ग्राम प्रधान विनोद बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य दीपक खुल्बे, भाजपा मंडल अध्यक्ष डीके जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
इस पैराग्लाइडिंग फेस्ट में कर्नल विकास, हिमांशु, यारविंद, सार्जेंट हरीश, मनीष, भारत, मायांग, पुरन, पंकज, सोनू, निखिल, सुरज और कर्नल हेम चंद्रा जैसे 13 पायलटों ने हिस्सा लिया। पायलटों ने करीब 2500 मीटर की ऊंचाई तक उड़ान भरी और कई पायलटों ने पांडू स्थल का भी चक्कर लगाकर नीचे लैंडिंग की।
पायलटों ने बताया कि यहां की प्राकृतिक सुंदरता, खुला आसमान और अनुकूल हवाएं पैराग्लाइडिंग के लिए बेहद उपयुक्त हैं। उनका कहना है कि यह क्षेत्र भविष्य में एडवेंचर पर्यटन के लिए एक बेहतरीन केंद्र बन सकता है।
फेस्ट का समापन कल होगा, जहां दाड़िम खेत में निर्धारित लैंडिंग एरिया में सटीक लैंडिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों के शानदार प्रदर्शन को देखने के लिए लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह आयोजन न केवल रोमांच का केंद्र बना है बल्कि क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को भी नई दिशा देता नजर आ रहा है।





Users Today : 7
Users Yesterday : 16
Users Last 7 days : 338