पुलिस कार्यालय बागेश्वर में पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती पर किया गया माल्यार्पण
REPORT- VAISHNAVI
बागेश्वर। भारत रत्न एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर जनपद बागेश्वर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस कार्यालय बागेश्वर में पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
माल्यार्पण के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन, देश की आजादी के आंदोलन में उनके योगदान तथा उनके उच्च आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पंत जी के दिखाए मार्ग पर चलने, जनसेवा की भावना को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक बागेश्वर अजय साह सहित पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जनपद के समस्त थानों, चौकियों, शाखाओं एवं पुलिस लाइन में भी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाई गई। सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने कार्यालय परिसर में पंडित पंत की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पंडित गोविंद बल्लभ पंत के आदर्शों, देशप्रेम एवं जनसेवा की भावना को अपने आचरण में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया गया।





Users Today : 51
Users Yesterday : 74
Users Last 7 days : 720