नशे से दूर रहें युवा, साइबर ठगी से बचें बुजुर्ग, महिलाओं को गौरा शक्ति एप की जानकारी
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। जनपद में अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से बागेश्वर पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेंद्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में पुलिस टीमों ने युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें नशे, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया और नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीमों ने वरिष्ठ नागरिकों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताते हुए अनजान कॉल, लिंक और संदेशों पर भरोसा न करने तथा सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।

महिलाओं और स्थानीय नागरिकों के मोबाइल में गौरा शक्ति एप डाउनलोड करवाकर उसके फीचर्स की जानकारी दी गई। पुलिस ने बताया कि आपात स्थिति में यह एप महिलाओं की सुरक्षा में मददगार साबित हो सकता है।
पुलिस ने साइबर अपराध की स्थिति में 1930 और किसी भी आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करने की जानकारी भी दी। साथ ही लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर ध्यान न देने और उन्हें आगे प्रसारित न करने की अपील की गई।
पुलिस ने कहा कि किसी भी तरह के शोषण, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना डर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सामूहिक जागरूकता और सतर्कता से ही सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।





Users Today : 4
Users Yesterday : 103
Users Last 7 days : 859