गरुड़ में विकास की नई तस्वीर, पत्रकार वार्ता में सामने आया क्षेत्र के विकास का रोडमैप
REPORT- VAISHNAVI
गरुड़। बैजनाथ टीआरसी में दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट की मौजूदगी में आयोजित पत्रकार वार्ता में कत्यूर घाटी के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण योजनाओं और प्रस्तावों की जानकारी साझा की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या और ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा की मौजूदगी में सड़क, स्वास्थ्य, खेल और पर्यटन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
सड़क सुविधाओं को लेकर बताया गया कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत करीब 100 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत हैं। भगदानू-बागोटिया क्षेत्र को सड़क सुविधा से जोड़ने के साथ ही ग्वालदम और कौसानी सड़क के लिए करीब साढ़े चार-साढ़े चार करोड़ रुपये की योजनाओं पर भी काम प्रस्तावित है। क्षेत्र की सड़कों को 15 सितंबर से 15 नवंबर तक गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं गरुड़-लालपुल पैदल राजजात मार्ग के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत होने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की जानकारी दी गई।
खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए जगह उपलब्ध होने पर छह माह के भीतर इनडोर स्टेडियम बनाने की संभावना जताई गई। बयालीसेरा कत्यूर महोत्सव मैदान के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें से 50 लाख रुपये जारी होने की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर परिगांव में उप जिला अस्पताल के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। खोली में 50 बेड का क्रिटिकल केयर सेंटर बनकर तैयार होने के साथ ही 200 बेड के अस्पताल की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। बैजनाथ अस्पताल में गायनी और फिजिशियन की आवश्यकता को लेकर भी कार्रवाई जारी होने की जानकारी दी गई। बताया गया कि पिछले तीन माह में बैजनाथ अस्पताल में 88 बच्चों की स्वस्थ डिलीवरी हुई है।
पत्रकार वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए योजनाएं तैयार करने के साथ उन्हें धरातल पर उतारना प्राथमिकता है। सड़क, स्वास्थ्य, खेल और पर्यटन के क्षेत्र में प्रस्तावित योजनाओं के पूरा होने से कत्यूर घाटी में विकास की नई संभावनाएं पैदा होने की उम्मीद है।
इस दौरान तहसील अध्यक्ष चंद्रशेखर बढ़सीला, वरिष्ठ पत्रकार रमेश ब्रजवासी, अर्जुन राणा, जगदीश पांडे, विपिन जोशी, दिनेश नेगी, अखिल जोशी, अनील पांडे, मोंटी लोहनी, भगवत नेगी, कृष्णा गाड़िया सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।





Users Today : 83
Users Yesterday : 38
Users Last 7 days : 169