संघर्ष और शौर्य की भावना से सजा खेल महोत्सव, बच्चों के हुनर और अनुशासन ने जीता सबका दिल
रिपोर्ट भगवत नेगी, मेरा हक न्यूज
Countrywide Public School Garur में वार्षिक खेलकूद दिवस “संघर्ष–शौर्य” का आयोजन अत्यंत भव्य, प्रेरणादायक और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम न केवल खेल प्रतियोगिताओं तक सीमित रहा, बल्कि इसमें बच्चों की प्रतिभा, अनुशासन, आत्मविश्वास और सर्वांगीण विकास की झलक स्पष्ट रूप से देखने को मिली। विद्यालय परिसर पूरे दिन खेल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और तालियों की गूंज से जीवंत बना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विधायक पार्वती दास, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, नगर पंचायत अध्यक्ष भावना वर्मा, ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा सहित जिला पंचायत सदस्य भास्कर बोरा, दीपक खुल्बे और प्रकाश कोहली की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अतिथियों का स्वागत विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से वाइस चेयरमैन डॉ. जगदीश पांडेय जो राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष (उत्तराखंड राज्य) के रूप में नियुक्त हैं , डॉ.जगदीश पांडे को 26 जनवरी को राष्ट्रपति पुरस्कार मिलने वाला है, उनके साथ में फाउंडर मेंबर गंगा पांडे, पूज्य माताजी नारायणी देवी, सेक्रेटरी नंदा बल्लभ भट्ट, शंकर पांडेय सहित संपूर्ण प्रबंधन टीम कार्यक्रम में उपस्थित रही। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों की तैयारियों, अनुशासन और आत्मविश्वास की मुक्त कंठ से सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में छात्रों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास और अधिक बढ़ा।
मुख्य अतिथि शिव सिंह बिष्ट ने अपने संबोधन में कहा कि हर बच्चा किसी न किसी प्रतिभा से समृद्ध होता है। आवश्यकता इस बात की है कि अभिभावक और शिक्षक बच्चों की रुचि को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का उचित अवसर दें। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, धैर्य और नेतृत्व जैसे गुण भी विकसित करते हैं। विधायक पार्वती दास ने विद्यालय को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा जोशी पाण्डेय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। वाइस चेयरमैन जगदीश पांडे ने कहा कि विद्यालय शिक्षा की गुणवत्ता के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। सेक्रेटरी नंदा बल्लभ भट्ट ने विश्वास दिलाया कि भविष्य में विद्यालय और बेहतर परिणामों के साथ समाज के सामने आएगा।
इस अवसर पर विद्यालय समन्वयक दीपक राणा को शिक्षक रत्न सम्मान प्रदान किया गया, जबकि ओम प्रकाश फुलारा को इंस्पायर अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं गीतीशा अग्रवाल, ईशांश टम्टा, याषिता धौनी और हर्षित अधिकारी को वर्ष भर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एचीवर अवॉर्ड प्रदान किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ सराहा।
कार्यक्रम के दौरान पूज्य माताजी नारायणी देवी का जन्मोत्सव भी केक काटकर सादगी और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार ने उनकी दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसके साथ ही अभिभावकों के लिए वॉलीबॉल और टग ऑफ वॉर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता और उपविजेता टीमों को मेडल देकर सम्मानित किया गया।
अंत में अभिभावकों ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक आयोजनों की निरंतरता की अपेक्षा जताई। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और समस्त स्टाफ के योगदान की प्रधानाचार्या ने सराहना की। मंच संचालन शिक्षक पंकज भारती और रविंद्र खोलिया के साथ धैर्य बिष्ट, डॉली पाठक, याषिता धौनी और अभिनव पांडे द्वारा प्रभावी ढंग से किया गया।





Users Today : 126
Users Yesterday : 71
Users Last 7 days : 304