वीर बालकों का बलिदान, नई पीढ़ी के लिए अमर प्रेरणा
सिक्खों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह जी के वीर पुत्र बाबा फतेह सिंह और बाबा जोरावर सिंह के अद्वितीय बलिदान की स्मृति में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में जनपद बागेश्वर में भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा जनपद बागेश्वर द्वारा नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर सनराइजर्स पब्लिक स्कूल, घाघलीं में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य देश के इतिहास में अंकित वीरता, साहस और धर्मरक्षा के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और विद्यालय परिवार की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट मौजूद रहे। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, ब्लॉक प्रमुख किशन बोरा, जिला महामंत्री घनश्याम जोशी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंगल सिंह राणा, डी के जोशी, गोपाल सिंह किरमोलिया, जगदीश आर्य, कमलेश पांडे, नंदन थापा, दिनेश बिष्ट, रोहित पांडे, राजेन्द्र नेगी, मनीष जोशी समेत अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि बाबा फतेह सिंह जी और बाबा जोरावर सिंह जी का बलिदान केवल सिख समाज ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण भारत के लिए गौरव और प्रेरणा का प्रतीक है। बहुत कम आयु में उन्होंने अत्याचार के सामने झुकने से इनकार कर यह सिद्ध किया कि सच्चे मूल्यों की रक्षा के लिए साहस और दृढ़ संकल्प सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। वक्ताओं ने कहा कि वीर बाल दिवस जैसे आयोजन बच्चों और युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य करते हैं।
मुख्य अतिथि ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर देशभर में वीर बाल दिवस मनाने का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, आत्मसम्मान और संस्कारों को मजबूत करना है। उन्होंने विद्यालय परिवार की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षा को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर जीवन मूल्यों से जोड़ते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने भी देशभक्ति और प्रेरणा से जुड़ी प्रस्तुतियों के माध्यम से वीर बालकों के बलिदान को नमन किया। पूरा वातावरण श्रद्धा, गर्व और प्रेरणा से ओतप्रोत नजर आया। आयोजन ने यह संदेश दिया कि देश का भविष्य तभी मजबूत होगा, जब उसकी युवा पीढ़ी अपने इतिहास से सीख लेकर साहस, सत्य और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ेगी।





Users Today : 0
Users Yesterday : 127
Users Last 7 days : 256