ग्राम प्रहरियों के साथ झिरौली पुलिस ने की समन्वय गोष्ठी, सूचना तंत्र मजबूत करने और नशामुक्त समाज पर जोर
Report- Vaishnavi
झिरौली। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को मजबूत बनाने और ग्रामीण स्तर पर पुलिस के सूचना तंत्र को सक्रिय करने के उद्देश्य से थाना झिरौली परिसर में ग्राम प्रहरियों के साथ समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र मेहरा के निर्देशन में आयोजित गोष्ठी में क्षेत्र की समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
गोष्ठी के दौरान पुलिस ने ग्राम प्रहरियों से उनके क्षेत्रों की स्थिति और स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। पुलिस ने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस के ‘कान और आंख’ हैं। उन्हें क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों, बाहरी लोगों और अजनबियों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।

ग्राम प्रहरियों को अवैध मादक पदार्थों की बिक्री करने वालों और नशे का सेवन करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर पुलिस को सूचना देने के लिए भी कहा गया। साथ ही गांवों में बाहरी व्यक्तियों और मजदूरों को किराये पर रखने से पहले उनका अनिवार्य पुलिस सत्यापन सुनिश्चित कराने में ग्रामीणों की मदद करने के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में बच्चों और महिलाओं के खिलाफ घरेलू हिंसा एवं अन्य अपराधों की रोकथाम को लेकर भी जागरूकता बढ़ाने पर चर्चा हुई। इसके अलावा गौरा शक्ति एप और उत्तराखण्ड पुलिस एप के माध्यम से ऑनलाइन धोखाधड़ी और फ्रॉड कॉल से बचाव के तरीकों की जानकारी दी गई। किसी भी समस्या या अपराध की सूचना 112 तथा साइबर ठगी की स्थिति में 1930 पर देने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
पुलिस ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उनके द्वारा दी जाने वाली प्रत्येक सूचना पर पुलिस-प्रशासन स्तर से त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





Users Today : 5
Users Yesterday : 84
Users Last 7 days : 650