17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, जनसहभागिता से विकास गतिविधियों को मिलेगी गति
बागेश्वर। शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के साथ जनसहभागिता के माध्यम से सेवा एवं विकास गतिविधियों को गति देना है।
अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दिया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु’, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
17 सितंबर को बागनाथ मंदिर, वैजनाथ मंदिर और कपकोट में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही विद्यालयों में विकसित भारत-2047 विषय पर प्रतियोगिताएं, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान, स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर और युवाओं के नवाचारों को प्रोत्साहित करने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के तहत 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर खादी और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का संकल्प भी लिया जाएगा। अधिकारियों को अभियान के सभी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में जनप्रतिनिधियों से भी अभियान को लेकर सुझाव लिए गए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





Users Today : 5
Users Yesterday : 84
Users Last 7 days : 650