बागेश्वर छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस अलर्ट, कॉलेज के आसपास जीरो जोन लागू; सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस उपाधीक्षक ने दिए सख्त निर्देश
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। डिग्री कॉलेज बागेश्वर में 29 सितंबर को होने वाले छात्रसंघ निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा के निर्देश पर निर्वाचन ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में कोतवाली बागेश्वर में पुलिस उपाधीक्षक अजय साह ने पुलिस बल की ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान लिंगदोह कमेटी के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कॉलेज के प्रवेश द्वार, मुख्य चौराहों और पुलिस बैरियरों पर पुलिस की तैनाती रहेगी। कॉलेज परिसर एवं आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और फ्रिस्किंग की जाएगी। मोबाइल टीमें लगातार गश्त करेंगी, जबकि कॉलेज के पास बनाए गए जीरो जोन में छात्रों और बाहरी व्यक्तियों के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए डाइवर्जन ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को वाहनों का आवागमन व्यवस्थित रखने तथा सड़कों पर अनावश्यक पार्किंग रोकने के निर्देश दिए गए। अनावश्यक भीड़ एकत्र होने से रोकने के साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचकर सतर्कता बरतने को कहा गया।
मतगणना के दौरान भी पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि परिणाम घोषित होने तक शांति व्यवस्था बनी रहे। बागेश्वर पुलिस ने निर्वाचन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए तत्पर रहने की बात कही है।





Users Today : 9
Users Yesterday : 99
Users Last 7 days : 693