एनकॉर्ड बैठक में नशे की रोकथाम और पुनर्वास पर जोर, अक्टूबर के पहले सप्ताह में शुरू होगा नशा मुक्ति केंद्र
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। जिले में नशे की रोकथाम और नशा मुक्त समाज के निर्माण को लेकर प्रशासन ने प्रभावी पहल तेज करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में एनकॉर्ड की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में नशे की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं समाजसेवियों को ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि नशे की रोकथाम के साथ नशे के आदी व्यक्तियों को बेहतर उपचार और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराना भी जरूरी है। उन्होंने शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को विद्यालयों में आपसी समन्वय के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता और रोकथाम संबंधी गतिविधियां प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी हेम तिवारी को जिले में निर्माणाधीन नशा मुक्ति केंद्र का निर्माण कार्य अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में हर हाल में शुरू कराने के निर्देश दिए। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि कार्यदायी संस्था से लगातार समन्वय किया जा रहा है। पेड़ कटान का कार्य पूरा होते ही निर्माण शुरू करा दिया जाएगा।

इसके अलावा एनजीओ के माध्यम से संचालित नशा मुक्ति केंद्रों का संबंधित अधिकारियों से नियमित निरीक्षण कराने को कहा गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि केंद्रों में भर्ती लोगों को बेहतर उपचार एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों और उनके रहने के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। केंद्रों की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी कर कमियों का तत्काल निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालन आख्या की समीक्षा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी एनएस नबियाल, जिला शिक्षा अधिकारी आशाराम, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी अनुपमा हयांकी, सीडब्ल्यूसी के अशोक लोहनी, नवीन चंद्र सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।





Users Today : 5
Users Yesterday : 99
Users Last 7 days : 796