पूर्व सैनिकों और आश्रितों के प्रकरण प्राथमिकता से निस्तारित करें: डीएम अपूर्वा पाण्डे
Report- Vaishnavi
बागेश्वर। पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला सैनिक कल्याण परिषद की त्रैमासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में पिछली बैठक में उठाए गए बिंदुओं पर हुई कार्रवाई की समीक्षा के साथ ही पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से संबंधित विभिन्न प्रकरणों पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों से जुड़े मामलों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मांग आधारित निर्माण कार्यों के प्रस्ताव जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जिला योजना में शामिल कराने के निर्देश दिए। वहीं व्यक्तिगत प्रकरणों को अपर जिलाधिकारी अथवा उनके संज्ञान में लाने को कहा, ताकि आवश्यक कार्रवाई शीघ्र की जा सके।

बैठक में द्वारसौं में सिंचाई गूल की मरम्मत के मामले में लघु सिंचाई विभाग को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम बूंगा में सड़क से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य पीएमजीएसवाई को एक सप्ताह के भीतर शुरू करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट से वंचित स्थानों को चिह्नित कर अधिशासी अधिकारी एवं उरेडा को समन्वय से प्राथमिकता के आधार पर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सड़क निर्माणदायी विभागों को 15 अक्टूबर तक जनपद की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल, सभी उपजिलाधिकारी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी वेद प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





Users Today : 7
Users Yesterday : 99
Users Last 7 days : 798