शहीद राम सिंह बोरा स्कूल का हुआ उच्चीकरण, अब बच्चों को मिलेगी आगे की पढ़ाई की सुविधा
Report- Vaishnavi
गरुड़। क्षेत्र के शहीद राम सिंह बोरा जूनियर हाईस्कूल के उच्चीकरण का शिलान्यास दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट और विधायक पार्वती दास ने संयुक्त रूप से किया। लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर क्षेत्रीय लोगों, अभिभावकों और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, बीईओ कमलेश्वरी मेहता, भाजपा मंडल अध्यक्ष गरुड़ सुंदर दोसाद सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष ने विद्यालय में एक कक्ष और शौचालय निर्माण के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट ने कहा कि विद्यालय के उच्चीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है। इससे क्षेत्र के बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि विद्यालय को वर्ष 2007 में वित्तीय मान्यता मिली थी और वर्ष 2014 में इसका प्रांतीयकरण किया गया।

उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास में शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। स्वर्गीय विधायक चंदन राम दास के प्रयासों का भी उल्लेख किया गया। मंत्री ने विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या 200 से अधिक करने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही।
कार्यक्रम में देवनाई सड़क और देवनाई-चौखुटिया मोटर मार्ग को लेकर भी जानकारी दी गई। बताया गया कि मार्ग के मिलान के लिए विभागीय स्तर पर एनओसी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रधानाचार्य महेश पंत ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि संचालन नवीन मिश्रा ने किया। विद्यालय के उच्चीकरण को ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।





Users Today : 7
Users Yesterday : 123
Users Last 7 days : 853