बागेश्वर में 442 ग्राम चरस के साथ 36 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार, SOG टीम ने तिमलाबगड़ के पास की कार्रवाई
Report- Vaishnavi
ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज; आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच जारी
बागेश्वर। जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए बागेश्वर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ऑपरेशन प्रहार के तहत SOG टीम ने 26 अक्टूबर 2026 को तिमलाबगड़ के पास चेकिंग के दौरान 442 ग्राम अवैध चरस बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना कपकोट में NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री की रोकथाम के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी SOG निरीक्षक सलाउद्दीन खान के नेतृत्व में टीम ने तिमलाबगड़ के पास संदिग्ध व्यक्ति की जांच की। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 442 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हुकम राम (36 वर्ष), पुत्र देव राम, निवासी ग्राम बदियाकोट, थाना कपकोट, जनपद बागेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। इस मामले में थाना कपकोट में FIR संख्या 71/26 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/20 में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के आपराधिक इतिहास के साथ ही नशे की तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जीवन सामन्त, कांस्टेबल रमेश सिंह, कांस्टेबल भुवन बोरा और कांस्टेबल चालक विजय कुमार शामिल रहे। बागेश्वर पुलिस ने नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।





Users Today : 76
Users Yesterday : 173
Users Last 7 days : 935